बलिया । सहतवार थाना क्षेत्र के उंदहा गांव में गुरुवार की देर रात 65 वर्षीय पूर्व प्रधान ब्यास वर्मा की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि ब्यास वर्मा घर से खाना खाकर अपने घर से कुछ दूर खेत में लगी झोपड़ी में सोने चले गए। देर रात अज्ञात हमलावरों ने पूर्व प्रधान ब्यास वर्मा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लोगों को सुबह हुई। घटना की सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। गांव में मौके पर पहुंचे सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र ने घटना की जांच कर रहे हैं। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी हैं। गांव में पंहुचे विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू, चेयरमैन प्रतिनिधि रेवती अजय शंकर कनक पाण्डेय, विनय शंकर तिवारी आदि ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग किया।

