1971 युद्ध के वीर योद्धा एवं सेवानिवृत्त कैप्टन बिहारी सिंह का निधन: राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Spread the love

लालगंज(बलिया)। क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन बिहारी सिंह का शनिवार की रात प्रयागराज में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कैप्टन बिहारी सिंह ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध (बांग्लादेश मुक्ति संग्राम) में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश की विजय में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। भारतीय सेना में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
रविवार को भूसौला स्थित सत्तीघाट पर उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर लालगंज चौकी प्रभारी शिवमूर्ति तिवारी की मौजूदगी में पुलिस गार्ड ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।
अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, पूर्व सैनिक, परिजन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से वीर सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके ज्येष्ठ पुत्र प्रदीप सिंह ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
कैप्टन बिहारी सिंह के निधन से क्षेत्र ने एक ऐसे वीर सपूत को खो दिया, जिसने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका योगदान और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *