नगरा में राड से पीटकर क्लिनिक संचालिका की हत्या

Spread the love

बलिया। संवाददाता नगरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित गड़वार मोड़ पर मंगलवार की रात करीब आठ बजे 35 वर्षीय क्लीनिक संचालिका कंचन भारती की अज्ञात बदमाशों ने लोहे की राड से हमला कर हत्या कर दिया। कंचन बसपा कार्यकर्ता सियाराम राम की पत्नी थीं।

देर शाम तक घर नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन नहीं उठाने पर पति क्लीनिक पर पहुंचे तो अंदर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर रही है।

खारी गांव निवासी सियाराम की पत्नी कंचन भारती करीब एक वर्ष से गड़वार मोड़ पर क्लीनिक संचालित करती थीं। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम वह क्लीनिक पर थीं। आमतौर पर शाम को कभी पति तो कभी भतीजा उन्हें क्लीनिक से घर लेकर आता था। देर शाम तक कंचन के घर नहीं पहुंचने पर पति उन्हें लेने क्लीनिक पहुंचे। मोबाइल पर संपर्क नहीं होने के बाद जब वह अंदर गए तो कंचन का शव खून से लथपथ पड़ा था। सिर व शरीर पर चोट के निशान हैं।

सूचना पर थानाध्यक्ष संजय मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने क्लीनिक को सील कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। एडिशनल एसपी उतरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि मृतक के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच किया जा रहा है। डाग स्क्वायड व एसएफएल की टीम साक्ष्य जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *