गंगा में स्नान के दौरान पति पत्नी डूबे,पत्नी का शव बरामद

Spread the love

बलिया, संवाददाता। शहर में स्थित शिवरामपुर गंगा घाट पर सोमवार की सायं गंगा में नहाते समय कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पत्नी के साथ गंगा में डूब गए। मंगलवार सुबह महिला का शव पुलिस ने बरामद कर लिया, जबकि महिला के पति वकील की तलाश जारी है।

बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के फरसाटार गांव निवासी कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष 55 वर्षीय ओमप्रकाश दूबे का बलिया शहर के टैगोर नगर में मकान है। बताया जा रहा है कि घर पर रुद्राभिषेक कराने के लिए सोमवार देर शाम पत्नी 50 वर्षीय इंदू देवी के साथ बाइक से वह शिवरामपुर घाट पर गए थे। नहाने के दौरान महिला गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। पत्नी को बचाने के प्रयास में वकील ओमप्रकाश भी डूब गए। जब देर रात तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। मंगलवार सुबह अधिवक्ता की बाइक और अन्य सामान गंगा नदी के

किनारे मिला। इसी बीच इंदू की लाश जनेश्वर मिश्र सेतु के पास नदी से बरामद हो गई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा कर महिला की लाश का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं वकील की तलाश मंगलवार शाम तक होती रही।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता शहर की बिचलाघाट पुलिस चौकी और जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम शिवरामपुर घाट पर पहुंची। काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *