नाबालिग छात्रा की फोटो से AI के जरिए अश्लील वीडियो बनाने का आरोप,युवक पर मुकदमा

Spread the love

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वीडियो वायरल करने और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

बांसडीह (बलिया)। नाबालिग छात्रा की तस्वीर का कथित तौर पर दुरुपयोग कर एआई तकनीक के माध्यम से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर की है। मामले की जांच की जा रही है।

तहरीर के अनुसार, नाबालिग छात्रा कक्षा 12 की छात्रा है। आरोप है कि बांसडीह कस्बा निवासी अमित सोनी ने छात्रा की तस्वीर का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करते हुए उसकी तस्वीर से मिलती-जुलती एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। आरोप है कि इसके बाद एआई तकनीक का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया गया और उसे छात्रा के सहपाठियों, दोस्तों तथा रिश्तेदारों के बीच प्रसारित किया गया।

पीड़ित पिता का आरोप है कि छात्रा को बदनाम करने का यह सिलसिला पहले भी चल चुका है। आरोप के मुताबिक, इससे पूर्व भी छात्रा और उसकी मां की तस्वीरों का इस्तेमाल कर अलग-अलग फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई गई थीं। इन आईडी के जरिए परिवार को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि परिवार की ओर से विरोध करने पर युवक ने उन्हें धमकी दी और वीडियो को और अधिक प्रसारित करने की बात कही। पिता ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर बनाए गए कथित फर्जी अकाउंट तथा प्रसारित सामग्री के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *