स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ,चेयरमैन ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Spread the love

चैनराम बाबा समाधि स्थल से शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान, नगरवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील

बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत सहतवार की ओर से बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। चेयरमैन सरिता सिंह ने चैनराम बाबा समाधि स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और झाड़ू लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

चेयरमैन सरिता सिंह ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। जब नगरवासी स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा नगर पंचायत की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।

उन्होंने कहा कि जनसहयोग से स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नगर पंचायत के साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

इस अवसर पर सभासद सुरेंद्र प्रसाद, हृदयानंद, आशीष गुप्ता, सुभाष सिंह, बजरंगी सिंह, सहबान अंसारी, उदयभान सिंह, सुनील सिंह, रूद्रेश कुमार, अमलेश सिंह, अमित शर्मा, प्रदीप कुमार, विशाल गुप्ता, अश्वनी कुमार और मुकेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *