रेवती(बलिया)। संवाददाता कस्बा के वार्ड संख्या सात में सोमवार की सुबह 34 वर्षीय ई-रिक्शा चालक प्रताप माली का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरा में शव पाया गया।सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिवार में चीख-पुकार मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।परिजनों के अनुसार प्रताप रविवार की रात करीब दस बजे के बाद ई-रिक्शा लेकर घर लौटा था।घर पहुंचने के बाद उसने खाना लिया और बगल स्थित पुराने घर में सोने चला गया। बताया गया कि वह नियमित रूप से उसी कमरे में सोया करता था। रात में परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था।सोमवार की सुबह जब प्रताप काफी देर तक घरवालों के बीच नहीं आया तो उसके मामा के लड़के दिलीप को उसे जगाने के लिए पुराने घर भेजा गया। दिलीप कमरे में पहुंचा तो प्रताप को मृत हालत में देखकर उसके होश उड़ गए।उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी।प्रताप की मौत की खबर मिलते ही उसके पिता मोहन माली,मां निर्जला,चन्द्र शेखर,अभिमन्यु सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।बेटे का शव देखते ही मां और अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।परिजनों के करुणक्रंदन से वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।परिवार के लोगों को यह विश्वास ही नहीं हो रहा था कि रात में खाना खाकर सोने वाला प्रताप सुबह इस दुनिया में नहीं रहा।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।इधर,मृतक के परिजनों ने एक अन्य ई-रिक्शा चालक पर हत्या का आरोप लगाया है।पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।मृतक की पत्नी रोशनी 14 वर्षीय बेटे वैभव के साथ मायके पटना में है।घटना के बाद से वार्ड सात में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के नतीजे पर टिकी हैं।


