रसड़ा (बलिया)।नीट परीक्षा में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने, परीक्षा में हुई अनियमितता की उच्च स्तरीय समयबद्ध जांच कर दोषियों के कठोर कार्रवाई करने, भविष्य में पेपर लीक व अन्य अनियमितता को रोकने के लिए प्रभावी व जवाबदेह व्यवस्था लागू करने तथा छात्रों के हितों की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग को लेकर सपा नेता व मथुरा पीजी कॉलेज (रसड़ा) के छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व महामंत्री मान सिंह सेंगर के नेतृत्व में छात्र नेताओं का स्थानीय गांधी पार्क में 48 घंटे का शांतिपूर्ण तरीके से गुरुवार से शुरू अनशन दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा।यह अनशन शनिवार को दोपहर बारह बजे समाप्त होगा। इसके बाद मान सिंह सेंगर के नेतृत्व यहां से पदयात्रा निकालकर तहसील मुख्यालय पहुंच कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया जाएगा।सेंगर ने कहा कि यह यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं बल्कि देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की आवाज बुलंद करने के लिए शुरू किया गया है।कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सेंगर के साथ अनशन पर बैठने वाले सहयोगियों में मथुरा पीजी कॉलेज के छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष दिलीप सिंह सेंगर, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश भारती, छात्र नेता राहुल पांडे, अजीत तिवारी व लखनऊ विवि के छात्र नेता सतवंत सिंह शामिल रहे। इस दौरान अनशन स्थल पर पहुंचे छात्रों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं सहित विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी अपना समर्थन दिया है।
नीट परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र नेताओं का अनशन दूसरे दिन जारी

