लालगंज(बलिया) । श्री श्री 1008 त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के अनुयायियों के गांव बहुआरा स्थित बजरंग आश्रम में आगामी 3दिसम्बर से 8 दिसम्बर तक श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा का आयोजन किया जाएगा। पूज्य श्री जियर स्वामी जी महाराज ने कथा आयोजन की अनुमति प्रदान की है। कथा को भव्य एवं सफल बनाने को लेकर शुक्रवार को बजरंग आश्रम बहुआरा में श्रद्धालु ग्रामीण भक्तों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कथा आयोजन की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, बैठने, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, प्रसाद एवं यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई जिस पर उपस्थित लोगो ने अपना अपना सुझाव दिया । ग्रामीण भक्तों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाने और तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान श्रद्धालुओं में कथा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बैठक की अध्यक्षता कर रहे बृज बिहारी तिवारी ने भक्तों के बीच अपने सम्बोधन मे कहाँ कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति भक्ति और सदाचार का संदेश जन-जन तक पहुंचने का माध्यम भी है उन्होंने कहा कि कथा में आसपास के गांव से भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आने की भी संभावना है ।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद भक्तों ने कहा कि बहुआरा की धरती पर होने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का नया वातावरण तैयार करेगा। बैठक मे राज नारायन सिंह, कामता प्रसाद सिंह,दया शंकर पाण्डेय,रामजी पाण्डेय,गोपाल सिंह, श्याम सुन्दर सिंह, प्रशांत तिवारी,शंकर दयाल सिंह, पवन तिवारी, दया शंकर पाठक,भोला प्रसाद सहित सैंकड़ो लोग उपस्थित रहे । अध्यक्षता बृज बिहारी तिवारी तथा संचालन सुनील तिवारी ने की ।


