लालगंज(बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र के रामपुर कोड़हरा में स्थित कम्पोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान बाढ़ के पानी की जद में आ गई है। दुकान तक पहुंचने के लिए खरीदारों को बाढ़ के पानी में घुसकर जाना पड़ रहा है। ऐसे में किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से दुकान के चारो तरफ जलभराव की स्थिति गंभीर हो गयी है। इसके बावजूद शराब के खरीदार पानी में होकर दुकान तक पहुंचने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गहरे पानी में आवागमन के दौरान फिसलने या जहरीले जीव जंन्तु के काटने तथा डूबने जैसी अप्रिय घटना हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने बाढ़ की स्थिति और संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन से रामपुर कोड़हरा स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान को तत्काल किसी सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुकान को सुरक्षित स्थान पर हटाए जाने से जहां संभावित हादसे को टाला जा सकेगा, वहीं खरीदारों को भी परेशानी से राहत मिलेगी।
बाढ़ की जद में आई रामपुर कोड़हरा की शराब की दुकान, पानी में घुसकर खरीदारी को मजबूर लोग


