नाव पर चढ़ते समय पैर फिसलने से किशोर की डूबकर मौत,परिवार में मचा कोहराम

Spread the love

लालगंज (बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव में शुक्रवार की सुबह बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद बस्ती में खलबली मच गई। ग्रामीणों ने घंटों जाल डालकर खोजबीन की, जिसके बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हृदयपुर निवासी कौशल कुमार राम का 16 वर्षीय पुत्र रघुनन्दन राम कक्षा नौ का छात्र था और बहुआरा इंटर कॉलेज में पढ़ता था। वह बचपन से ही अपने नाना सत्यनारायण राम के घर हृदयपुर में रह रहा था। शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे वह घर से बीएसटी बंधे पर जाने के लिए ग्राम पंचायत की डेंगी नाव पर चढ़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह बाढ़ के गहरे पानी में गिरकर डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद जाल की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। सीएचसी सोनबरसा में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे दोकटी थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

किशोर की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां शिवकुमारी और नानी तेतरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक करीब आठ माह पूर्व रघुनन्दन के दूसरे भाई विवेक की भी ब्रेन ट्यूमर से जनवरी में मौत हो गई थी। रघुनन्दन तीसरा पुत्र था। अब परिवार में माता-पिता, नाना-नानी के लिए बड़ा पुत्र राहुल ही सहारा बचा है।

35 वर्षों से हृदयपुर में रह रहा परिवार

बताया जाता है कि हृदयपुर निवासी सत्यनारायण राम की एकलौती पुत्री थी। उन्होंने वर्ष 1984 में अपनी पुत्री शिवकुमारी की शादी बादिलपुर निवासी कौशल कुमार राम से की थी। शादी के कुछ समय बाद सत्यनारायण अपनी बेटी और दामाद को अपने घर बुलाकर वहीं बस गए। करीब 35 वर्षों से परिवार हृदयपुर में ही रह रहा है। कौशल कुमार राम अहमदाबाद में निजी नौकरी करते हैं। बाद में मृतक रघुनन्दन सहित पूरा परिवार हृदयपुर का स्थायी निवासी हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *