लालगंज(बलिया) । भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पूरे दिन बाजारों में चहल-पहल रही। बहनें भाइयों के लिए आकर्षक राखियां, मिठाइयां और पूजा सामग्री खरीदती नजर आईं। राखी की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
वहीं, अधिकांश शादीशुदा बहनें अपने मायके पहुंचने के लिए एक दिन पूर्व ही घर आ गई थीं। शुक्रवार को भी सुबह से देर शाम तक भाई-बहनों के एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। घर पहुंचे भाइयों की कलाई पर बहनों ने विधि-विधान से राखी बांधी और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में त्योहार की रौनक और घर-घर में हंसी-खुशी के माहौल ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया।


