बांसडीह (बलिया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 29 अगस्त को सहतवार थाना क्षेत्र के पकंहा गांव के गलाफरपुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर, हेलीपैड और बैरिकेडिंग का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
शुक्रवार को बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा लेते रहे।

जर्मन हैंगर और मंच का आकार बढ़ाने के निर्देश
कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर लगाने का कार्य जारी था। निरीक्षण के दौरान विधायक और जिलाधिकारी ने हैंगर के पूरब और पश्चिम दिशा में आकार बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंच का आकार भी बढ़ाने को कहा गया। मंच से कुछ दूरी पर बनाए गए सेफ हाउस का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की देखरेख में तैयार किए गए हेलीपैड का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। उन्होंने खेत के चारों तरफ बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए सड़क किनारे कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियां सक्रिय
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अभिसूचना इकाई और पुलिस की जांच एजेंसियों की टीमें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न जानकारियां जुटा रही हैं। प्रशासन की ओर से करीब 50 बाढ़ पीड़ितों की सूची तैयार की गई है, जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राहत सामग्री वितरित करेंगे।
विधायक केतकी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए पहुंचेंगे।
यह रहेगा मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
12:25 बजे: मझौली तप्पा हवेली, देवरिया स्थित हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान और बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण।
12:55 बजे: गलाफरपुर हेलीपैड पर आगमन।
1:00 बजे: हेलीपैड से गलाफरपुर कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान।
1:05 बजे: बाढ़ प्रभावित शिविर में राहत सामग्री का वितरण।
1:35 बजे: बाढ़ राहत शिविर से हेलीपैड के लिए प्रस्थान।
1:45 बजे: हेलीकॉप्टर से प्रस्थान।


