बांसडीह(बलिया)। कस्बे में तहसील के सामने शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर सुभासपा के प्रदेश महासचिव अभिषेक मिश्र ‘मिंटू’ (32) पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें दुकान से बाहर घसीटकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल अभिषेक मिश्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में उपचार चल रहा है। उनकी तहरीर के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
दुकान से घसीटकर किया हमला
कचहरी चौराहा निवासी अभिषेक मिश्र ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह तहसील के सामने स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पूर्व नियोजित साजिश के तहत शशांक मिश्र, दीपक मिश्र, अशोक मिश्र, अरुण मिश्र, पदुम देव मिश्र, ज्ञानेन्द्र मिश्र तथा खरौनी गांव के टइया टोला निवासी सत्यजीत पाण्डेय अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने अभिषेक को दुकान के भीतर से घसीटकर बाहर निकाला और सिर व सीने पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
कैश काउंटर से रुपये ले जाने का भी आरोप
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर दुकान के कैश काउंटर से 11,022 रुपये भी निकाल ले गए। घटना के दौरान शोर सुनकर पवन मिश्र और राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह अभिषेक की जान बचाई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटते देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
जमीन विवाद को बताया हमले की वजह
अभिषेक मिश्र का आरोप है कि आरोपियों से उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने रात में ही घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया। अभिषेक की तहरीर पर सात नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।
सुभासपा प्रदेश महासचिव पर जानलेवा हमला, दुकान से घसीटकर पीटा; 7 नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज

