बलिया के सम्मान पर टिप्पणी से आक्रोश, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का युवाओं ने किया घेराव, माफी की मांग

Spread the love

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के कथित विवादित बयान को लेकर बलिया में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। निरीक्षण भवन पहुंचे मंत्री के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने “संजय निषाद वापस जाओ”, “संजय निषाद माफी मांगो” और “संजय निषाद मुर्दाबाद” के नारे लगाए तथा बलिया की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन में जैनेंद्र पांडे ‘मिंटू’, रूपेश चौबे, सागर सिंह राहुल, अनुराग पटेल, अभिजीत तिवारी, सत्यम, हार्दिक पांडे, किशन पांडे और राहुल पांडे सहित अन्य युवा शामिल रहे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जैनेंद्र पांडे ‘मिंटू’ ने कहा कि बलिया का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां का प्रत्येक नागरिक अपने जिले की विरासत पर गर्व करता है। उन्होंने कहा कि महर्षि भृगु की तपोभूमि, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक मंगल पांडे, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में स्वतंत्र बलिया सरकार के प्रमुख रहे चित्तू पांडे, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र, आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी और परशुराम चतुर्वेदी जैसी विभूतियों ने बलिया का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री संजय निषाद का बयान बलिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मंत्री को अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए बलिया की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री द्वारा माफी नहीं मांगी गई तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *