जेएनसीयू में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का शुभारंभ

Spread the love

बलिया । जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग द्वारा 01 सितम्बर से 07 सितम्बर 2026 तक राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस सात दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण एवं निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के प्रथम दिवस मंगलवार को कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया तथा विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों में नागरिकों की मोटापा (बीएमआई) जाँच के साथ आहार संबंधी सलाह दी गयी। गृह विज्ञान विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित किया, लंबाई एवं वजन का माप लेकर बीएमआई निकाला एवं उनकी पोषण स्थिति का प्रारंभिक आकलन किया। ग्रामीणों के दैनिक भोजन, खान-पान की आदतों एवं जीवनशैली से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आहार सर्वेक्षण किया तथा आवश्यकता के अनुसार व्यक्तिगत आहार परामर्श प्रदान किया। ग्रामीणों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन एवं खनिजों के सेवन, हरी पत्तेदार सब्जियों एवं मौसमी फलों को आहार में शामिल करने तथा अत्यधिक जंक फूड के सेवन से बचने के लिए जागरूक किया। गृह विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय कार्यक्रम ‘पोषण सही, जीवन सही’ की भावना के अनुरूप समुदाय में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

पोषण सप्ताह में मातृ पोषण जागरूकता शिविर, खाद्य पदार्थो में मिलावट की पहचान, निःशुल्क स्वास्थ्य, स्वच्छता सम्बन्धी सलाह, सुरक्षित मातृत्व एवं स्तनपान सम्बन्धी सलाह देने के साथ श्रीअन्न से बने व्यंजनों की प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जायेगा।कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. सौम्या तिवारी,डॉ. संध्या, डॉ. तृप्ति तिवारी एवं डॉ. रंजना मल्ल की उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही विभाग की विद्यार्थियों में पूजा,प्रशंसा, रंजिता,नेहा यादव,नेहा शर्मा,आकांक्षा,आचल,साधना, सरोज आदि ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *