प्रधान-प्रधान पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के मैरीटार गांव में सोमवार की देर रात रास्ते को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान, प्रधान पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गांव निवासी शिवकुमार राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सोमवार की रात करीब 10 बजे ग्राम प्रधान सुनीता देवी और उनके पति बसंत राजभर के कहने पर रास्ते पर मोबील गिराया गया था। इसी दौरान उनका पुत्र बब्लू फिसलकर रास्ते पर गिर गया।

आरोप है कि इस पर शिवकुमार की पत्नी सुंगती देवी ने रास्ते पर मोबील गिराने को लेकर जानकारी मांगी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। शिवकुमार का आरोप है कि प्रधान के ललकारने पर दीपक, दिनेश, बसंत और शान्ती देवी ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जमीन पर पटककर घसीटा।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किए जाने से उसकी पत्नी के सिर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवकुमार और उनके पुत्र बब्लू के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान सुनीता देवी, उनके पति बसंत राजभर समेत दीपक, दिनेश और शान्ती देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *