बांसडीह (बलिया)। केवटालिया-देवडीह गांव के बीच दहताल के भेड़ी नाला पुल के पास रविवार को पानी में एक युवक का शव उतराया मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवडीह गांव निवासी 22 वर्षीय बंगाली राजभर उर्फ मंटू के रूप में हुई। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बंगाली राजभर शनिवार शाम भेड़ी नाला पुल पर नहाने के लिए गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। देर रात पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
इसके बाद गांव के गोताखोरों और अन्य लोगों ने शनिवार शाम से ही पानी में युवक की तलाश शुरू कर दी। रविवार सुबह भी खोज अभियान जारी रहा। इसी दौरान दिन में पुल के दूसरे पाए के पास पानी में युवक का शव दिखाई दिया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया युवक की मौत नहाने के दौरान पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।
मां की पहले हो चुकी है मौत, छोटी बहन भी लापता
बंगाली राजभर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें थीं। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां की मौत हो चुकी थी। वहीं, उसकी छोटी बहन भी करीब तीन वर्ष पहले घर से लापता हो गई थी, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। युवक की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


