बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी कृतिका, वैज्ञानिक अधिकारी बन बढ़ाया जिले का मान

Spread the love

दुबहड़ (बलिया)। नगवां क्षेत्र की होनहार बेटी कृतिका पाठक ने भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग (Department of Atomic Energy) के अंतर्गत Atomic Minerals Directorate for Exploration and Research (AMD) में Scientific Officer (Group-A Trainee) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

कृतिका ने GATE-2026 में भू-विज्ञान एवं भू-भौतिकी (Geology & Geophysics) विषय में अखिल भारतीय स्तर पर 148वीं रैंक प्राप्त की थी। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन BARC OCES-2026 के माध्यम से हुआ। वर्तमान में उन्होंने हैदराबाद स्थित AMD Training School में प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया है।

कृतिका की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, बलिया से हुई। इसके बाद उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स कॉलेज से भू-विज्ञान विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की। अध्ययन के दौरान उन्होंने विभिन्न भू-वैज्ञानिक फील्ड प्रोजेक्ट्स में सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC), मुंबई में इंटर्नशिप कर पेट्रोलियम भू-विज्ञान, ड्रिल कोर विश्लेषण, माइक्रोफेसीज़ अध्ययन तथा एक्स-रे डिफ्रैक्शन (XRD) जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। बाद में निजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी में जूनियर जियोलॉजिस्ट के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने वास्तविक समय भू-वैज्ञानिक विश्लेषण एवं डेटा इंटरप्रिटेशन का अनुभव भी अर्जित किया।

कृतिका की इस सफलता पर उनके पिता अजय कुमार पाठक, माता मीना पाठक तथा पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे ग्रामीण परिवेश से निकलकर कठिन परिश्रम और प्रतिभा के बल पर प्राप्त की गई उल्लेखनीय उपलब्धि बताते हुए कहा कि कृतिका की सफलता जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

परिजनों ने इस सफलता का श्रेय कृतिका की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा परिवार के निरंतर सहयोग को दिया है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह देश के खनिज एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *