रेवती(बलिया)। स्थानीय विकास खंड के खरिका ग्राम सभा स्थित कौलेन पाण्डेय के टोला शिव मंदिर से भैसहा होकर टीएस बंधा जाने वाले लिंक मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के किनारे आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी कच्चा मार्ग सोमवार को हुई बारिश के बाद पानी में डूब गया। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण रघुवंशमणि पाण्डेय ने बताया कि इस मार्ग पर आवागमन सुगम बनाने के लिए पुलिया का निर्माण स्वीकृत हुआ था, लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने के कारण केवल पुलिया की नींव बनाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया। निर्माण कार्य के दौरान आवाजाही के लिए बनाई गई कच्ची सड़क बारिश के पानी में डूब गई है, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
उन्होंने बताया कि इसी रास्ते से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा छात्र-छात्राएं प्रतिदिन स्कूल आते-जाते हैं। मार्ग जलमग्न होने से लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए निर्माणाधीन पुलिया का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

