लालगंज बाजार की समस्याओं पर सक्रिय हुए भाजपा नेता सूर्यभान सिंह,सब्जी मंडी में लगवाए पंखे व सोलर लाइट

Spread the love

लालगंज (बलिया)। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने लालगंज बाजार की वर्षों पुरानी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर सब्जी मंडी में व्यापारियों को बड़ी राहत दिलाई है। उनकी पहल पर मंडी में लगे तीन टिन शेडों के नीचे 10 सीलिंग फैन और दो सोलर लाइट लगवाई गई हैं, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को गर्मी व अंधेरे की समस्या से राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, लालगंज स्थित सब्जी मंडी में मुरलीछपरा ब्लॉक द्वारा टिन शेड लगाए जाने के बाद शाम होते ही मंडी में अंधेरा छा जाता था। वहीं टिन शेड के कारण भीषण गर्मी से व्यापारी और खरीदारी करने आने वाले लोग परेशान रहते थे। प्रकाश व्यवस्था के लिए व्यापारियों को अपने निजी खर्च पर किराये का जनरेटर चलवाकर एक-दो बल्ब जलाने पड़ते थे, लेकिन गर्मी से राहत का कोई इंतजाम नहीं था।

इसी समस्या को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता (टिंकू) अपने सहयोगियों के साथ भाजपा नेता सूर्यभान सिंह से मिले और बाजार की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद शुक्रवार को सूर्यभान सिंह लालगंज बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और बाजार का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सब्जी मंडी में प्रकाश और गर्मी की समस्या का तत्काल समाधान कराने का निर्णय लिया। अगले ही दिन शनिवार को मंडी के तीनों टिन शेडों में 10 सीलिंग फैन और दो सोलर लाइट लगाने का कार्य पूरा करा दिया गया।

इस दौरान सूर्यभान सिंह ने कहा कि लालगंज बाजार की जल निकासी और सड़क निर्माण जैसी प्रमुख समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उनके स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों को जलभराव जैसी परेशानियों से हमेशा के लिए राहत मिल सके।

व्यापारियों ने सूर्यभान सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इतनी शीघ्र कार्रवाई कराई है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता (टिंकू), मनोज गुप्ता, मुन्ना तिवारी, सतेन्द्र तुरहा, लल्लू गुप्ता, दिनेश गुप्ता सहित अनेक व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *