बाढ़ का पानी बस्तियों की ओर बढ़ा, 25 हजार आबादी पर मंडराया खतरा

Spread the love

दो विद्यालय बाढ़ के पानी धीरा , बढ़ाव जारी रहा तो शाम तक सड़क पार कर सकती है गंगा

लालगंज(बलिया) । गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ाव के चलते लालगंज क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। दलकी न0-1 ग्राम पंचायत के सारंगपुर-सुरेमनपुर, वहीं शिवपुरी कपूर दियर ग्राम पंचायत के सेमरिया डेरा एवं बिंद बस्ती के समीप पक्की सड़क तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। पानी बढ़ने का क्रम इसी तरह जारी रहा तो देर शाम तक सड़क को पार कर बिंद बस्ती में प्रवेश करने की आशंका है।

 

गंगा के बढ़ते पानी से उच्च प्राथमिक विद्यालय शिवपुर कपूर दियर तथा प्राथमिक विद्यालय सारंगपुर-सुरेमनपुर दो तरफ से बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में जलस्तर में और वृद्धि हुई तो प्राथमिक विद्यालय गड़ेरिया शिवपुर कपूर दीयर भी बाढ़ की चपेट में आ सकता है।

बीएसटी बंधे के दक्षिण स्थित एक दर्जन से अधिक गांवों की करीब 25 हजार आबादी पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बाढ़ की स्थिति गंभीर होने पर खरीफ की फसलों के बर्बाद होने के साथ किसानों के सामने पशुओं के चारे की भी विकट समस्या उत्पन्न हो सकती है। इससे किसान, मजदूर और पशुपालक परिवारों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।

समाजसेबी प्रदीप श्रीवास्तव एवं सियाराम चौधरी ने प्रशासन से जलस्तर की लगातार निगरानी कराने, संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *