मुकदमे में कार्रवाई की मांग को लेकर नौ घंटे टावर पर चढ़ा युवक,चेयरमैन के समझाने पर उतरा

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। माता-पिता, पत्नी और भाई के खिलाफ दर्ज मुकदमे में सही जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर कस्बे का एक युवक रविवार तड़के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब नौ घंटे तक चले प्रयास के बाद चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’ के समझाने पर युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

कस्बे के वार्ड संख्या 14 उत्तर टोला निवासी 30 वर्षीय धनजी वर्मा का अपने माता-पिता, भाई और पत्नी से विवाद चल रहा है। धनजी इससे पहले भी 24 जून को अपने परिवार के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया था। उस समय पुलिस ने परिवार के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे टावर से नीचे उतारा था।

धनजी का आरोप है कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में सही जांच और कार्रवाई के लिए उसने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी मांग को लेकर रविवार सुबह करीब छह बजे वह कस्बे में एसबीआई बैंक के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर से उसने पर्चे भी नीचे फेंके।

युवक की मांग थी कि जिस युवती से उसका विवाह हुआ था, उससे कानूनी रूप से संबंध विच्छेद हुए बिना दूसरी शादी करने के मामले में कार्रवाई की जाए। इसके अलावा मारपीट और चोरी के दर्ज मुकदमों में कार्रवाई तथा भोजन की व्यवस्था समेत अन्य मांगें भी वह कर रहा था। धनजी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले परिवार के लोगों ने उसका पैसा भी चोरी कर लिया, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सूचना पर कोतवाल राकेश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए धनजी से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

करीब तीन बजे पुलिस के आग्रह पर चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’ ने टावर के पास पहुंचकर मोबाइल फोन से धनजी से बातचीत की। उन्होंने अपने खर्च पर भोजन-पानी की व्यवस्था कराने और परिवार के लोगों से बातचीत कर मामले का समाधान कराने का भरोसा दिया। इसके बाद करीब नौ घंटे बाद धनजी टावर से नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *