मनियर (बलिया)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र-नौजवानों के आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार की शाम बहदूरा चट्टी पर स्थानीय युवाओं ने इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के नेतृत्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस दौरान सभा आयोजित कर वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम का नेतृत्व इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के नेता भुवाल आनंद भारतीय ने किया। वक्ताओं ने कहा कि छात्र-नौजवानों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिसके विरोध में देशभर में आंदोलन चल रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

बताया गया कि कार्यक्रम की जानकारी पुलिस को पहले से नहीं लग सकी। पुतला दहन संपन्न होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद भी प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। हालांकि मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भुवाल आनंद भारतीय, रजनीश यादव, राहुल वर्मा, भाकपा (माले) नेता मुनि सिंह, माले राज्य कमेटी सदस्य बशिष्ठ राजभर, सुरेंद्र यादव, सुमीत कुमार बागी, निर्भय यादव, सुधीर कुमार, अमरजीत यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नौजवान मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन एवं अध्यक्षता भुवाल आनंद भारतीय ने की।

