पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई; तीन कैमरे और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डीएसएलआर कैमरा लूट की दो घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए तीन डीएसएलआर कैमरे और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार पहली घटना 18 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र के बनकट गांव की पुलिया के पास हुई थी, जबकि दूसरी वारदात 19 सितंबर को हरदत्तपुर गांव के पास अंजाम दी गई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीडीआर, कैफे, बीटीएस और सीसीटीवी फुटेज समेत विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मंगलवार देर रात शाहपुर-हुसेनाबाद-मझवलिया मार्ग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोतवाली क्षेत्र के खरौनी गांव की नई बस्ती निवासी मुकेश भारती, अजीत भारती, अजय वर्मा और अभिषेक यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से स्प्लेंडर प्लस और पल्सर बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव समेत बांसडीह पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम के जवान शामिल रहे।


