विधायक केतकी सिंह के आयोजन में हजारों बालिकाओं व महिलाओं ने लिया हिस्सा 0वाराणसी से आए धर्माचार्यों ने की मां दुर्गा की आरती
बांसडीह(बलिया)। नवरात्र के पावन अवसर पर मंगलवार की देर शाम बांसडीह महाविद्यालय परिसर में विधायक केतकी सिंह की ओर से डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक उल्लास, भक्ति और आस्था से सराबोर इस कार्यक्रम में क्षेत्र की हजारों बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक गीत-संगीत की धुन पर डांडिया खेलकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक केतकी सिंह ने मां दुर्गा के जयकारों के बीच पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वाराणसी से आए धर्माचार्यों की टीम ने विधि-विधान से मां दुर्गा की आराधना और आरती की। पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह ने कहा कि नवरात्र का पर्व मां दुर्गा की आराधना के साथ ही नारी शक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस दौरान बालिकाओं और महिलाओं का विशेष सम्मान किया जाता है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं और युवतियों को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने तथा आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलता है।
विधायक ने कहा कि समाज की मजबूती में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला सशक्तीकरण और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया। इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द, एकजुटता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में अर्चना विश्वकर्मा, नीलम राजभर, ममता, रेखा, सविता, सुमित्रा, सुनीता, प्रियम्बंदा, राखी, प्रियंका तिवारी आदि थी।


