दुबहड़,(बलिया)।स्थानीय थाना क्षेत्र के टेकर पुलिया के पास स्थित मां काली मंदिर के पास बाढ़ के पानी में नहाते वक्त चार दोस्त अचानक डूबने लगे। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह से दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन दो किशोर गहरे पानी में समा गए। सूचना मिलने पर पहुंची दुबहड़ पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद किए।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान रघुनाथपुर गांव निवासी अभिषेक गोड़(16)पुत्र अजय शंकर गोंड़ तथा अनीस अंसारी (17)पुत्र चुन्नू अंसारी के रूप में हुई है। दोनों किशोर आपस में दोस्त बताये जा रहे है।
घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई। कुछ देर बाद एनडीआरएफ का टीम के पहुंचकर बाढ़ के पानी में तलाशी अभियान शुरू किया।काफी देर तक चले राहत एवं बचाव अभियान के तहत एनडीआरएफ टीम ने दोनों किशोरों का शव बरामद किया। शव को बाहर निकलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।एक साथ दो किशोरों का मौत की खबर से रघुनाथपुर गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है ।गांव के लोग इस हादसे से स्तब्ध है। ग्रामीणों ने बाढ़ के पानी में युवाओं द्वारा स्नान किए जाने को लेकर चिंता जताई है।


