रसड़ा (बलिया)।गड़वार थाना क्षेत्र के रसड़ा-फेफना मार्ग पर चिलकहर पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार बाइक की बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की एसयूवी (स्कार्पियो) में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में फेफना थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी बाइक सवार अरशद अहमद (38) की मौत हो गई। जबकि उसके साथी इसी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।इस दौरान पूर्व विधायक को मामूली चोटें आ गई।आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को चिलकहर पीएचसी पहुंचाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए। बताया जाता है कि अरशद इलाके के संवरा चट्टी पर गैस चूल्हा और प्रेशर कुकर मरम्मत का दुकान करता है।शाम को दुकान बंद करके अपने साथी ओमप्रकाश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में चिलकहर के पास रसड़ा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की रसड़ा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा से वापस लौट रहे पूर्व विधायक की स्कार्पियो में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद अरशद को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल को उपचार के बाद यहां से रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर पहुंची गड़वार थाने की पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे।
पूर्व विधायक की एसयूवी और बाइक में हुई टक्कर,एक युवक की मौत


