नगर पंचायत को मिलेगा आधुनिक दो मंजिला कार्यालय भवन

Spread the love

दो करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण, एक वर्ष में कार्य पूरा करने का लक्ष्य

बांसडीह(बलिया) । नगर पंचायत बांसडीह को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया कार्यालय भवन मिलेगा। बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने दो मंजिला भवन निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत भवन निर्माण के लिए दो करोड़ 40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा कराया जाएगा और इसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नए कार्यालय भवन में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें मीटिंग हॉल, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) के कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष तथा लिपिक कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम तल पर अधिशासी अधिकारी के आवास की भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा भवन में शौचालय, ड्रेनेज सिस्टम और वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने कहा कि नए दो मंजिला कार्यालय भवन के निर्माण से नगर पंचायत के प्रशासनिक एवं अन्य कार्यों का संचालन बेहतर और व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले आम लोगों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन नगर पंचायत के कामकाज को सुचारु बनाने के साथ ही क्षेत्र के लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

भूमि पूजन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर, ब्रजेश कुमार, सुरेश मिश्रा समेत नगर पंचायत के सभी सभासद एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *