गैस एजेंसी के कैशियर से 1.22 लाख रुपये की लूट, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में सोमवार की रात गैस एजेंसी के कैशियर से बाइक सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा 1 लाख 22 हजार रुपये लूटे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे थाना चितबड़ागांव को सूचना मिली कि संजय भारत गैस एजेंसी, चितबड़ागांव के कैशियर उपेन्द्र कुमार पुत्र दुखन राम, निवासी हैबतपुर, थाना कोतवाली, जनपद बलिया, एजेंसी से अपने घर जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में पानी प्लांट के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने बाइक की डिग्गी में रखे 1 लाख 22 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *