दुबहड़,(बलिया)। क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा पूरी तरह सकुशल और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया गया, जिसमें पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित हुई।
क्षेत्र के प्रमुख परीक्षा केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शहीद मंगल पांडे इंटर कॉलेज, नगवां के प्रधानाचार्य रवि राय ने बताया कि प्रथम पाली में कुल पंजीकृत 293 परीक्षार्थियों में से 20 छात्र/छात्राएं अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 298 परीक्षार्थियों में से 26 छात्र/ छात्राएं अनुपस्थित पाए गए।
राम सिहासन किसान इंटर कॉलेज, दुबहर के प्रधानाचार्य दयाशंकर मिश्र के अनुसार, प्रथम पाली में नामांकित 237 विद्यार्थियों में से 20 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में कुल 215 विद्यार्थियों में से 20 छात्र/ छात्राएं गैरहाजिर रहे।
परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल पुलिस बल के साथ सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार चक्रमण करते रहे और स्थिति का जायजा लेते नजर आए।
डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सुरक्षा के कड़े इंतजाम एवं शांति पूर्व माहौल में हुई संपन्न


