बलिया । पूर्व ग्राम प्रधान समेत आधा दर्जन हत्याकांडों में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी नक्सली अपराधी राजकुमार वर्मा उर्फ प्रदीप वर्मा को यूपी एसटीएफ ने असम के कामरूप (गुवाहाटी) से गिरफ्तार किया है। आरोपी बलिया कोतवाली क्षेत्र के सहरसपाली गांव का निवासी है। एसटीएफ टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को उसे बकरापाड़ा रोड से गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2012 में सहतवार थाना क्षेत्र के अतडरिया गांव के तत्कालीन प्रधान मुसाफिर चौहान की हत्या के इरादे से अपने साथियों के साथ पुलिस की वर्दी में पहुंचा था। प्रधान के घर पर नहीं मिलने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी फूलमती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में राजकुमार वर्मा वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
नक्सली संगठन से जुड़ने का आरोप
एसटीएफ के अनुसार, वर्ष 2008 में गांव के ही सोहन सिंह की हत्या के मामले में भी राजकुमार वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद उसका संपर्क प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) से जुड़े सीताराम उर्फ धनु मुडियारी से हुआ और वह कथित तौर पर नक्सली गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
जांच के अनुसार, नक्सली संगठन से जुड़े लोगों को शक था कि अतडरिया गांव के प्रधान मुसाफिर चौहान पुलिस की मुखबिरी करते हैं। इसी आशंका के चलते वर्ष 2012 में राजकुमार वर्मा अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ प्रधान के घर पहुंचा था। प्रधान के नहीं मिलने पर उनकी पत्नी फूलमती की हत्या कर दी गई थी। मामले में राजकुमार के कई साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
2012 से फरार चल रहा था आरोपी
एसटीएफ के मुताबिक, फूलमती हत्याकांड के बाद से राजकुमार वर्मा लगातार फरार था। उसकी तलाश में पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार काम कर रही थीं। इसी दौरान उसके असम में छिपकर रहने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर एसटीएफ के सीओ शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव की टीम ने कार्रवाई करते हुए गुवाहाटी में उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2007 में मारपीट, वर्ष 2008 में हत्या के प्रयास और हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके प्रमुख सहयोगी और 50 हजार रुपये के इनामी सीताराम उर्फ धनु को एटीएस ने गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार राजकुमार वर्मा को असम के कामरूप स्थित न्यायालय में पेश कर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई की है। एसटीएफ उसे असम से उत्तर प्रदेश लाने की प्रक्रिया में जुटी है।


