मकान के मलबे में दबने से एक की मौत,एक गंभीर

Spread the love

बलिया। बांसडीह स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गोड़धप्पा गांव में सोमवार सुबह मकान की ढलाई के लिए रखे गए भारी निर्माण सामग्री के वजन से बगल की पुरानी छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोड़धप्पा निवासी विजय शंकर तिवारी अपने मकान की छत की ढलाई कराने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री को बगल की एक अन्य छत पर लादकर रखा गया था। अत्यधिक वजन के कारण पुरानी छत अचानक सहन नहीं कर पाई और ढह गई। हादसे के वक्त वहां मौजूद जयराम पटेल (उम्र करीब 50 वर्ष) और किरन तिवारी (उम्र करीब 22 वर्ष) अचानक गिरे मलबे की चपेट में आकर दब गए। घटना की सूचना मिलते ही बांसडीह कोतवाली पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से मलबे को हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जयराम पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल किरन तिवारी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी बांसडीह, जयशंकर मिश्र ने बताया कि मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *