लालगंज(बलिया) : जिले में स्वाट/सर्विलांस टीम और बैरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार की रात तड़के एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया,जबकि भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश के दाहिने पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 3 बजे बैरिया से बिहार जाने वाले मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध बदमाशों की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही एक बदमाश ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के सदस्य हैं, जो उत्तर प्रदेश और बिहार में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह से जुड़े अन्य खुलासे भी किए जाएंगे।

