जयप्रभा सेतु के पास कार पर पलटा मेटल लदा डंपर, नशे में धुत चालक हिरासत में

Spread the love

लालगंज(बलिया)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जयप्रभा सेतु के एप्रोच मार्ग में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट के समीप सड़क किनारे खड़ी कार पर मेटल लदा डंपर अचानक पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा।

मौके पर मौजूद उत्पाद विभाग की पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया। चालक की पहचान मध्यप्रदेश निवासी जितेन्द्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चालक नशे की हालत में था। सूचना पर पहुंची मांझी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर और कार को कब्जे में ले लिया।

बताया जा रहा है कि डंपर नए जयप्रभा सेतु के एप्रोच मार्ग के निर्माण कार्य में मिट्टी ढुलाई में लगा था। पुलिस के पहुंचते ही निर्माण कार्य में लगी अन्य मशीनरी के चालक अपने वाहन लेकर मौके से चले गए। वहीं, घटनास्थल के पास दो ओवरलोड बालू लदे डंपर भी पकड़े गए, जिसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई है।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार छपरा शहर के महमदा गांव निवासी की बताई जा रही है। बताया गया कि उत्पाद विभाग के एएसआई सकलदीप चौधरी ने गुरुवार रात ड्यूटी के दौरान कार सवार तीन लोगों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया था। उनकी कार को जब्त कर चेकपोस्ट के समीप सड़क किनारे खड़ा किया गया था। हादसे के समय तीनों को पुलिस छपरा ले जा चुकी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसी दौरान पास में मरम्मत के लिए खड़ी एक ऑटो में सवार आठ महिलाएं भी बाल-बाल बच गईं। अचानक डंपर पलटने से महिलाएं और मौके पर मौजूद उत्पाद विभाग के पुलिसकर्मी सहम गए। सभी ने सकुशल बचने पर ईश्वर का शुक्रिया अदा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *