बारिश में अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, चचेरे भाइयों की मौके पर मौत

Spread the love

 लालगंज (बलिया)। बैरियासंसार टोला बंधे पर खपड़िया बाबा समाधि आश्रम के समीप अंधे मोड़ पर गुरुवार देर शाम बारिश के दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रुपेश पासवान (23) तथा नितेश पासवान (25), पुत्र शिवबचन पासवान, निवासी लाली का डेरा भैंसहा, थाना रेवती के रूप में हुई। दोनों की बुआ की शादी दोकटी थाना क्षेत्र के भूसौला और हृदयपुर गांव में हुई है। गुरुवार को दोनों रिश्तेदारी में मिलने के बाद बारिश के बीच बीएसटी बंधा मार्ग से अपने घर लौट रहे थे।

खपड़िया बाबा मंदिर के सामने स्थित अंधे मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

काफी देर तक जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो नितेश की बुआ ने फोन कर परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। नितेश के फूफा मनु पासवान, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, ने अपने पुत्र राहुल को तलाश के लिए भेजा। करीब तीन किलोमीटर दूर खपड़िया बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे खाई में क्षतिग्रस्त बाइक और दोनों युवक अचेत अवस्था में पड़े मिले।

सूचना पर 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, लेकिन परिजनों के अनुसार एम्बुलेंस ने शव ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैरिया पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *