कटान रोधी कार्य का आपदा प्रबंधन टीम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों से ली जानकारी

Spread the love

दयाछपरा(बलिया)। ग्राम पंचायत गोपालपुर के दुबेछपरा में चल रहे कटानरोधी कार्य का शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं यूएनडीपी की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कियाटीम ने कटान स्थल का बारीकी से जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति और बाढ़ सुरक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रवीण किशोर, प्रोजेक्ट एक्सपर्ट मानवेंद्र प्रताप सिंह तथा यूएनडीपी के पॉलिसी एनालिस्ट डॉ. सैयद मोहम्मद इमरान ने अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र से कटान रोधी कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने स्थल पर लगाए गए मानचित्र के माध्यम से कटान से पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया और किए गए कार्यों की समीक्षा की।

इसके बाद टीम दुबे छपरा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित बाढ़ चौकी पहुंची। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. बलवंत सिंह से बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। टीम ने मौके पर मौजूद पशु चिकित्सा विभाग, पीएसी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी बाढ़ प्रबंधन एवं समन्वय व्यवस्था पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता मोहित गुप्ता, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार, राजस्व विभाग की टीम, पशुपालन विभाग, चिकित्सा विभाग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी विभागों को बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *