घर का ताला तोड़कर लाखों का सामान समेट ले गए चोर

Spread the love

दयाछपरा(बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकिया में शनिवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर मुख्य दरवाजे समेत कमरों के ताले तोड़ दिए। चोर घर में रखे 30 चांदी के सिक्के, पुरानी पायल, 50 हजार रुपये नकद समेत करीब 50 हजार रुपये कीमत की साड़ियां और अन्य सामान समेट ले गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह घर की साफ-सफाई करने पहुंचे युवक को हुई। मकान मालिक ने सोमवार को बैरिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

चकिया निवासी पीयूष कुमार पुत्र प्रेम शंकर सिंह वर्तमान में गुरुग्राम में रहते हैं। उनके माता-पिता इलाज के सिलसिले में जमशेदपुर में हैं। घर की देखभाल और साफ-सफाई की जिम्मेदारी गांव के ही बनवारी साह को दी गई है। रविवार सुबह बनवारी साह घर की सफाई करने पहुंचे। बाउंड्री का ताला खोलकर अंदर जाने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घर के सभी कमरों के ताले और हैंडल भी टूटे हुए थे।

बनवारी ने तत्काल इसकी सूचना मकान मालिक पीयूष कुमार को दी। सूचना मिलने पर पीयूष घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि चोर आलमारी के लॉकर से 30 चांदी के सिक्के, पुरानी पायल और 50 हजार रुपये नकद ले गए। इसके अलावा दो सूटकेस और एक बड़ा बक्सा तोड़कर उसमें रखी करीब 50 हजार रुपये कीमत की साड़ियां भी चोरी कर ली गईं।

पीड़ित ने सोमवार को बैरिया थाने में घटना की लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *