शाहपुर हाईटेंशन हादसा: मृतक पिता-पुत्र के परिजनों को ₹10 लाख की सहायता

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। शाहपुर (सहपुरवा) गांव में हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाले पिता-पुत्र के परिवार को प्रशासन ने ₹10 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की है। रविवार शाम विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह और एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा ने मृतकों की एकमात्र आश्रित सीमा यादव को सहायता राशि का चेक सौंपा।

गौरतलब है कि 23 जुलाई की सुबह खेत में काम करने जा रहे जनार्दन यादव और उनके पुत्र राजेश यादव की सड़क पर टूटकर गिरे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के दौरान बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए सूचना देने के बावजूद टकरसन विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ ने लाइन नहीं कटवाई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया था।

मौके पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह ने बिजली विभाग के तत्कालीन एक्सईएन पंकज भारती को जमकर फटकार लगाई थी और पीड़ित परिवार के सामने जवाबदेह ठहराया था। विधायक ने बताया कि प्रशासन की ओर से ₹10 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही अन्य सरकारी सहायता और आश्रित को नौकरी दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार भोला राय, ग्राम प्रधान हीरालाल यादव, मार्कण्डेय यादव, गुड्डू यादव, राजेश दूबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक्सईएन का हुआ तबादला

शाहपुर हादसे के बाद बिजली विभाग में कार्रवाई का सिलसिला जारी है। विभाग ने एक्सईएन पंकज भारती का तबादला गोरखपुर कर दिया है। इससे पहले मामले में लापरवाही के आरोप में संबंधित जेई और एसएसओ को निलंबित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *