बांसडीह (बलिया)। भाजपा बांसडीह विधानसभा के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन बुधवार को मैरीटार गांव में आयोजित हुआ। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा एवं बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उनके कंधों पर संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। बूथ अध्यक्ष ही पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में पार्टी की जीत में बूथ अध्यक्षों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर कमल खिलाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बांसडीह के बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से क्षेत्र में कमल खिला था। उसी उत्साह और समर्पण के साथ वर्ष 2027 में भी तीसरी बार प्रदेश और बांसडीह विधानसभा में भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों का सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान विधायक केतकी सिंह ने मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, राजेश सिंह, अजय सिंह, आलोक सिंह, प्रतुल कुमार ओझा, नीतेश सिंह, शारदानंद साहनी, अभिजीत तिवारी ‘बब्लू’, मिथिलेश तिवारी, भोला ओझा, राकेश वर्मा, सतेंद्र सिंह, सितांशु गुप्ता, दुर्गेश मिश्रा, सुशील श्रीवास्तव, अजित सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

