बांसडीह तहसील को मिला नया एसडीएम,पुष्कर मिश्रा ने संभाला कार्यभार

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। एक सप्ताह से एसडीएम विहीन चल रही बांसडीह तहसील को नया उपजिलाधिकारी मिल गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने वर्ष 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी पुष्कर मिश्रा को बांसडीह का नया एसडीएम नियुक्त किया है। बुधवार को उन्होंने तहसील पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यभार ग्रहण करने पर तहसीलदार नितिन कुमार सिंह सहित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्कर मिश्रा का बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व कार्यों और क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया।

बताया गया कि पुष्कर मिश्रा की पहली तैनाती बलिया जनपद में ही एसडीएम न्यायिक, सिकंदरपुर के पद पर हुई थी। अब उन्हें बांसडीह तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर लंबित राजस्व प्रकरणों, जनशिकायतों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *