रेवती विद्युत उपकेंद्र पर विधायक केतकी सिंह का औचक निरीक्षण,ड्यूटी पर कर्मी नशे में मिलने का आरोप

Spread the love

रेवती (बलिया)। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की विधायक केतकी सिंह ने शुक्रवार शाम रेवती विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति में लगातार हो रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर मौजूद एक कर्मचारी के शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए विधायक ने इसकी शिकायत अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से फोन पर की।

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से रेवती क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। लगातार कटौती और बाधित आपूर्ति के कारण भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार शाम विधायक केतकी सिंह जब रेवती कस्बे पहुंचीं तो स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति से अवगत कराया।

शिकायत मिलने के बाद विधायक मंडल अध्यक्ष भोला ओझा, मांडलू सिंह तथा अन्य कार्यकर्ताओं के साथ विद्युत उपकेंद्र पहुंचीं। वहां ड्यूटी पर मौजूद एक कर्मचारी की हालत देखकर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब कर्मचारी स्वयं नशे की हालत में हैं तो बिजली व्यवस्था कैसे सुचारु रह सकती है।

विधायक ने सबसे पहले अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने अधिशासी अभियंता को फोन कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

विधायक केतकी सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में रेवती क्षेत्र के लोग हाथ के पंखे से गुजारा करने को मजबूर हैं, जबकि बिजली आपूर्ति लगातार बाधित है। उन्होंने कहा कि आम जनता को इस तरह की परेशानी उठानी पड़े, यह किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *