सरयू का बढ़ता जलस्तर: भोजपुरवा में एनडीआरएफ ने ग्रामीणों को दिया बाढ़ से बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को बांसडीह तहसील क्षेत्र के कटान एवं बाढ़ प्रभावित गांव भोजपुरवा में तहसील प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने सामुदायिक जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को आपदा से बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने ग्रामीणों को बताया कि अचानक बाढ़ आने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि घर में उपलब्ध सामान्य संसाधनों का उपयोग कर भी जान बचाई जा सकती है। प्लास्टिक की बोतल का ढक्कन कसकर बंद कर उसे शरीर से बांधने पर वह पानी में तैरने में मदद करती है। इसी तरह पांच लीटर की प्लास्टिक गैलन को शरीर से बांधकर भी व्यक्ति सुरक्षित रहने का प्रयास कर सकता है।

टीम ने डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के उपायों का प्रदर्शन करते हुए रस्सी, डंडे और अन्य स्थानीय संसाधनों के उपयोग की जानकारी भी दी। जवानों ने ग्रामीणों को तेज बहाव वाले पानी में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने, बच्चों और बुजुर्गों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही आपदा के समय संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।

प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ से बचाव को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका एनडीआरएफ टीम ने मौके पर ही प्रदर्शन के माध्यम से समाधान किया।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार आशीष सिंह, लेखपाल राहुल वर्मा सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *