लालगंज (बलिया)। विकास खंड मुरलीछपरा में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) अवधेश पाण्डेय ने शासन की विभिन्न विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक शौचालयों के संचालन, हरित पंचायत अभियान, जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) की वार्षिक कार्ययोजना फीडिंग, रेट्रो फीडिंग तथा ओआरएस (ORS) खातों के संचालन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सहायक विकास अधिकारी अवधेश पाण्डेय ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों के ओआरएस खातों का नियमित एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि यह खाता ग्राम पंचायतों की आय एवं राजस्व प्राप्तियों के ऑनलाइन लेखांकन से जुड़ा है, जिससे पंचायतों की वित्तीय गतिविधियों में पारदर्शिता बनी रहती है।
बैठक में लालगंज बाजार में नए सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा लंबे समय से बंद पड़े आरओ प्लांट को जल्द संचालित कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदानों के विकास, मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार के लिए आवेदन, वायलेट रिचार्ज तथा विकसित रोजगार गारंटी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान रोजगार सेवकों ने वृक्षारोपण कार्य से संबंधित आईडी एवं मास्टर रोल जारी नहीं होने की समस्या उठाई, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एडीओ पंचायत अवधेश पाण्डेय ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय हर हाल में संचालित होने चाहिए। साथ ही कायाकल्प योजना के तहत दिव्यांगजन अनुकूल शौचालयों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एपीओ अश्विनी कुमार, पंचायत सचिव योगेश चौबे, संजय चौरसिया, रंजन यादव, नागेंद्र यादव, अरविंद गिरी, ब्लॉक जेई सुशील दुबे, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

