मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के 60वें अधिवेशन में बलिया के दो कर्मचारी नेताओं को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
बलिया। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश के 60वें अधिवेशन एवं निर्वाचन में बलिया के दो कर्मचारी नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। लखनऊ स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में 12 सितंबर को आयोजित अधिवेशन में बलिया कलेक्ट्रेट में कार्यरत एवं संघ के लंबे समय से जिलाध्यक्ष कौशल कुमार उपाध्याय को संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।

वहीं, कलेक्ट्रेट बलिया में कार्यरत एवं संघ के जिला संगठन मंत्री गौरव कुमार श्रीवास्तव को आजमगढ़ मंडल के मंडलीय मंत्री पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन अधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट, लखनऊ जगमोहन गुप्ता ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की।
संघ के 60वें अधिवेशन एवं निर्वाचन में प्रदेशभर से कर्मचारी पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बलिया के दोनों कर्मचारी नेताओं को प्रांतीय एवं मंडलीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर कलेक्ट्रेट कर्मचारियों एवं संघ के पदाधिकारियों में खुशी की लहर है।
कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित कौशल कुमार उपाध्याय एवं गौरव कुमार श्रीवास्तव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि दोनों पदाधिकारी कर्मचारी हितों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


