रेवती (बलिया)। स्थानीय कस्बा निवासी 18 वर्षीय बिट्टू कुमार साह की रेवती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रेवती कस्बे के वार्ड संख्या-10 निवासी लालबाबू साह का पुत्र बिट्टू कुमार साह चार माह पूर्व निजी नौकरी के लिए दिल्ली गया था। रविवार को वह दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि रात में किसी समय वह रेवती रेलवे स्टेशन पहुंचा। इसी दौरान ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म संख्या-1 की ओर जाते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह स्टेशन पर टिकट विक्रेता पवन गुप्ता ने घटना की सूचना रेवती पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाने के एसआई माखन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान मृतक के पास आनंद विहार से बलिया तथा बलिया से रेवती तक का रेल टिकट बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।
परिजनों ने बताया कि बिट्टू चार माह पहले रोजगार के सिलसिले में दिल्ली गया था और रविवार को घर लौट रहा था। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया है। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक का माहौल है।

