चोरी के जेवर खरीदने का आरोपी दुकानदार गिरफ्तार,बिहार पुलिस साथ ले गई

Spread the love

बलिया। चोरी के गहने खरीदने के आरोप में बिहार पुलिस ने सोमवार को बैरिया क्षेत्र के एक आभूषण कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई के बाद बिहार पुलिस आरोपी दुकानदार को अपने साथ लेकर बिहार रवाना हो गई।

जानकारी के अनुसार, चार सितंबर को सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में चोरी की घटना हुई थी। मामले में केस दर्ज कर रिविलगंज पुलिस ने चोरी के गिरोह से जुड़े कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को चोरी किए गए आभूषणों को रानीगंज निवासी अजय सोनी को बेचने की जानकारी दी।

इस सूचना के आधार पर बिहार पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और सोमवार को कार्रवाई करते हुए आभूषण कारोबारी को पकड़ लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बिहार पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

पुलिस अब चोरी के जेवर की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। पूछताछ में यह भी सामने आने की उम्मीद है कि चोरी के गहने कहां-कहां बेचे गए और इस कारोबार में और कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *