रसड़ा (बलिया)।शहीद रामानुज के 43वें शहादत दिवस पर सोमवार को प्रधानपुर स्थित शहीद रामानुज विद्यालय परिसर में शहीद मेला, प्रतिमा अनावरण व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि गिरीशचंद्र यादव (खेल व युवा कल्याण राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार) ने शहीद रामानुज की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि ने कहा कि रामानुज तेजस्वी और प्रतिभावान व्यक्ति थे। उनके जीवन में सेवाभाव का संकल्प था, जिसके चलते वह इस कार्य को करते थे। उन्होंने अपने जीवन-काल में गरीबों, शोषितों, असहायों और अल्पसंख्यकों की लड़ाई लड़ते-लड़ते वे शहीद हो गए। उन्होंने इस क्षेत्र में स्कूल, पुल, चिकित्सालय व पोस्ट आफिस का निर्माण कराया। कार्यक्रम संयोजक की मांग पर राज्यमंत्री ने स्तंभ भवन, बखरियाडीह बांध मार्ग का चौड़ीकरण तथा शहीद स्थल बखरियाडीह बंधे के पास भी रामानुज की मूर्ति स्थापित कराने का आश्वासन दिया।इस मौके पर पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह, इंद्रजीत सिंह, चंद्रमा सिंह, विनोद सिंह, कमलेश तिवारी एडवोकेट, पुरूषोत्तम यादव, सुरेश राम, अवधेश तिवारी, कृष्णानंद पांडेय, बालचंद राम, गुड्डू राजभर, शारदानंद पासवान आदि रहे। संचालन संयोजक राधेश्याम यादव ने किया।
राज्यमंत्री ने शहीद रामानुज की प्रतिमा का किया अनावरण


