रसड़ा (बलिया)। मथुरा पी.जी. कॉलेज, रसड़ा में मंगलवार को बीए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, क्रेडिट व्यवस्था, अपार आईडी, छात्रवृत्ति तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा शास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलिया ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी प्रतिभा, संचार कौशल और आत्मविश्वास के विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
वहीं डॉ. मनोज पाण्डेय ने कहा कि मानविकी विषयों का अध्ययन केवल डिग्री प्राप्त करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि समाज, मानव और दुनिया को बेहतर ढंग से समझने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के प्रति जिज्ञासु और संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।
डॉ. विजय चौबे एवं डॉ. शरद पवार ने भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, पुस्तकों का अध्ययन करने, जिज्ञासाओं को लेकर प्रश्न पूछने तथा प्रस्तुतियों एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं विभिन्न सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।


