बैरिया में करंट की चपेट में आने से 67 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

Spread the love

लालगंज (बलिया)। बैरिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 16 मिर्जापुर में मंगलवार तड़के बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरने से उसकी चपेट में आए 67 वर्षीय हृदयानंद वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण बैरिया पावर हाउस पहुंच गए और प्रदर्शन करते हुए मुआवजा व जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली के जर्जर तार लंबे समय से हादसे को दावत दे रहे हैं। शिकायतों के बावजूद तारों को नहीं बदला गया। मंगलवार सुबह करीब चार बजे हृदयानंद वर्मा घर से बाहर निकले थे, तभी घर के सामने से गुजर रहा बिजली का तार टूटकर गिर गया और वह करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें सीएचसी सोनबरसा ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। सीओ के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *